विकासखंड परसपुर के ग्राम पंचायत चरहुआं के समग्र ग्राम जरौली प्राथमिक विद्यालय पूरे रामभरोसे में बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने चौपाल लगाई। लापरवाही पर सीएससी अधीक्षक परसपुर का वेतन रोकने और गैरहाजिर सीएमओ समेत तीन अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
कई विभाग के कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर निलंबन की चेतावनी देते हुए एक सप्ताह में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। परसपुर विकासखंड के ग्राम चरहुआं में चौपाल के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष निरंजन ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर के चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार का वेतन रोकते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा है।
बिना सूचना के चौपाल से अनुपस्थित रहने पर सीएमओ, अधिशासी अभियंता विद्युत व अधिशासी अभियंता लोक निर्माण द्वितीय से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। विकासखंड परसपुर के प्रभारी खंड विकास अधिकारी रणजीत गुप्ता द्वारा समय पर मनरेगा मजदूरों का भुगतान न करने पर डीएम ने बीडीओ को सख्त लहजे में 15 दिनों में मजदूरों का भुगतान करने का निर्देश दिया।
डीएम ने चौपाल के दौरान विद्युत विभाग, शौचालय, लोहिया आवास, जलनिगम, तालाब जीर्णोद्धार, समाजवादी तथा वृद्धावस्था पेंशन, खाद्य रसद विभाग, सोलर लाइट, निशुल्क बोरिंग योजना, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा परिवार कल्याण, आंगनबाड़ी, वैकल्पिक ऊर्जा, प्राथमिक विद्यालयों में ड्रेस वितरण सहित अनेक विभागों के कार्यक्रमों की समीक्षा की।