सोनू दर्द से चिल्लाता रहा, नर्सिंग स्टाफ देखने नहीं आया
- फोटो : amar ujala bureau
जिला महिला चिकित्सालय में सोमवार शाम दौरे पर आए चिकित्सा स्वास्थ्य राज्यमंत्री से प्रसूता तथा उसके पति ने प्रसव के नाम पर स्टाफ द्वारा 4500 रुपये वसूलने की शिकायत की। राज्यमंत्री ने सीएमओ को मामले की जांच कराकर दोषी कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कराने का निर्देश दिया है।
राज्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया तथा अस्पताल परिसर में निशुल्क सेवा वाले सरकारी शव वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी किया।
चिकित्सा-स्वास्थ्य एवं जंतु उद्यान राज्यमंत्री डॉ. एसपी यादव को सोमवार शाम जिला महिला अस्पताल में आए नए शव वाहन को हरी झंडी दिखाने के लिए बुलाया गया था।
राज्यमंत्री अस्पताल पहुंचे तथा वाहन को हरी झंडी दिखाने के बाद परिसर का निरीक्षण करने लगे। राज्यमंत्री वार्ड में भर्ती प्रसूताओं से हालचाल पूछ रहे थे। इसी बीच शाहजहांपुर निवासी सब्जी व्यापारी अशरफ व उनकी प्रसूता पत्नी परकीना ने राज्यमंत्री को अपनी व्यथा सुनाई।
अशरफ व उनकी पत्नी ने बताया कि, रविवार को अस्पताल में उनसे प्रसव के नाम पर साढ़े चार हजार रुपये वसूले गए हैं। अवैध वसूली की शिकायत पर राज्यमंत्री भड़क गए और अस्पताल में वसूली करने वाले कर्मचारी की शिनाख्त कराई।
शिनाख्त नहीं हो पाने पर राज्यमंत्री ने मौके पर मौजूद सीएमओ डॉ. आशुतोष गुप्ता को मामले की जांच कराकर वसूली करने वाले कर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। राज्यमंत्री ने अस्पताल में अन्य विभागों का गहन निरीक्षण भी किया।