गोंडा। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोंडा स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर एप्रन बदलने काम शनिवार से शुरू कर दिया। सुबह इंजीनियरिंग विभाग ने स्टेशन के पूर्वी छोर व सहकारी गैस सर्विस दफ्तर के पास रेलवे ट्रैक संख्या एक पर पूजन कर काम शुरू कराया। निजी एजेंसी के दर्जनों कर्मचारियों ने एप्रन बदलने के लिए लगाया गया है।
लखनऊ डिवीजन के मंडल रेल प्रबंधक आदित्य कुमार शनिवार को स्पेशल ट्रेन से प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंचे। वह लखनऊ से गोंडा होकर बस्ती जा रहे थे। उन्होंने गोंडा स्टेशन पर रुककर अधिकारियों व कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए। बताया गया कि एप्रन बदलने का काम 29 मई तक किया जाएगा। इस बीच 45 दिन तक ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इसके साथ ही प्लेटफार्म नंबर एक पर लगने वाली खानपान की दुकानें व ठेले दो नंबर प्लेटफार्म पर शिफ्ट कर दिए गए हैं।