झंझरी। देहात कोतवाली पुलिस और एसओजी ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद चेन स्नेचिंग के मामले में एक वांछित को दबोच लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई। उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, नकदी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) अजीत कुमार रजक और क्षेत्राधिकारी नगर योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस शुक्रवार रात रामनगर-विसनागा लिंक रोड पर ईंट-भट्ठे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई जो आरोपी के पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा उर्फ गुलाम हुसैन निवासी मोहल्ला मेवतियान, कोतवाली नगर के रूप में हुई है। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ के अनुसार आरोपी के कब्जे से 5,900 रुपये, एक मोटरसाइकिल तथा तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल से राहगीरों के गले से सोने की चेन झपटने की वारदातों को अंजाम देता था। उसने कोतवाली देहात और उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्रों में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि इस गिरोह के एक अन्य बदमाश उवैस को 20 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ संबंधित मामले के अलावा पुलिस टीम पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी कार्रवाई की जा रही है।