गोंडा। पृथ्वीनाथ मंदिर में चढ़ावे, आय-व्यय और संपत्तियों के प्रबंधन में पारदर्शिता के लिए जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में मंदिर के चढ़ावे की सीसीटीवी निगरानी में गणना, भूमि व दुकानों की नीलामी और आय-व्यय की नियमित समीक्षा के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया है।
मंदिर के चढ़ावे की गणना के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है। अध्यक्षता क्षेत्रीय नायब तहसीलदार करेंगे, जबकि राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, एसडीएम द्वारा नामित एक लेखपाल और मंदिर के प्रधान पुजारी जगदंबा प्रसाद तिवारी सदस्य होंगे। समिति प्रत्येक माह की पांच तारीख को सुबह 10 से 12 बजे के बीच सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में चढ़ावे की गणना करेगी। पूरी धनराशि का विवरण गणना रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा।
मंदिर की कृषि भूमि और फसलों की नीलामी के लिए छह सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसकी अध्यक्षता तहसीलदार करेंगे। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मंदिर के आय-व्यय का प्रतिवर्ष ऑडिट कराया जाएगा और उसकी रिपोर्ट जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई जाएगी। आय-व्यय की समीक्षा प्रत्येक चार माह में जिलाधिकारी तथा प्रत्येक तीन माह में एसडीएम की अध्यक्षता में की जाएगी।