मुठभेड़ में घायल आरोपी को ले जाते पुलिसकर्मी व माैके पर पड़ी बाइक। स्रोत: पुलिस मीडिया सेल
इटियाथोक। स्थानीय पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम से शुक्रवार देर रात हुई मुठभेड़ में पशु तस्करी का वांछित आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे पुलिस की अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि एएसपी (पूर्वी) अजीत कुमार रजक के पर्यवेक्षण और सीओ सदर अभिषेक दवाच्यां के नेतृत्व में इटियाथोक पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम शुक्रवार रात इटियाथोक क्रॉसिंग के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह तेज रफ्तार से भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी कमरुद्दीन उर्फ कचने निवासी अलीनगर लोनावा दरगाह थाना खरगूपुर के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
ग्रामीणों पर हमले में शामिल था कमरुद्दीन
पुलिस के अनुसार 30 जुलाई की शाम परना बगुलहा गांव के पास गन्ने के खेत में एक सांड़ को मारने के लिए शीशम के पेड़ से बांधा गया था। ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया था। इससे तीन ग्रामीण घायल हुए थे। मौके से पकड़े गए अशरफ अली को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। मुठभेड़ में पकड़ा गया आरोपी कमरुद्दीन उस समय मौके से भाग निकला था। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गोवध निवारण अधिनियम समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
मुठभेड़ में घायल आरोपी को ले जाते पुलिसकर्मी व माैके पर पड़ी बाइक। स्रोत: पुलिस मीडिया सेल