डीएम आशुतोष निरंजन ने गुरुवार को कॉफी विद कलेक्टर कार्यक्रम में बभनान चीनी मिल द्वारा ग्राम पंचायत की जमीन पर कब्जा कर लेने की ग्राम प्रधान की शिकायत पर एसडीएम मनकापुर को मिल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
कॉफी विद कलेक्टर कार्यक्रम में डीएम कार्रवाई के मूड में दिखे। इंदिरा आवास के दो लाभार्थियों द्वारा वर्ष 2014-15 में पैसा लेकर आवास नहीं बनवाने की बात बताने पर डीएम ने पंचायत सचिव को निर्देश दिए कि ऐसे लाभार्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर रिकवरी कराएं।
इसी तरह ग्राम प्रधान द्वारा यह भी अवगत कराया गया कि ग्राम पंचायत की जमीन पर बभनान चीनी मिल द्वारा जबरन कर्मचारियों के आवास बना लिए गए हैं, जबकि ग्राम प्रधान द्वारा इस प्रकरण में कई बार प्रार्थनापत्र दिए गए, परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस प्रकरण पर डीएम ने एसडीएम मनकापुर को आदेश दिए कि मिल प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कराएं और जमीन को कब्जा मुक्त कराकर रिपोर्ट दें।
हौसला पोषण योजना पर परिचर्चा के दौरान ज्ञात हुआ कि ग्राम पंचायत में आंगनबाड़ी केंद्र व प्राथमिक विद्यालय नहीं है और हौसला पोषण योजना का भोजन बाग में खुले में बनता है। इस पर डीएम ने डीपीओ को निर्देश दिए कि तत्काल अंागनबाड़ी केंद्र बनवाना शुरू करें, जिससे प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाया जा सके।
इसके अलावा डीएम ने परिचर्चा में ग्राम पंचायत के विकास के अन्य मामलों, योजनाओं, कानून व्यवस्था आदि पर गहन परिचर्चा की। इस मौके ग्राम प्रधान फूलचंद वर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी घनश्याम शुक्ला, लेखपाल लल्लन प्रसाद, बीट कांस्टेबल सुभाष यादव आदि मौजूद रहे।