प्रशिक्षण से नदारद 43 मतदान कार्मिकों के खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा। तीनों ब्लॉकों की 543 पोलिंग पार्टियों व 72 रिजर्व पोलिंग पार्टियों के मतदान कार्मिकों को चौथे व अंतिम चरण का चुनाव कराने के लिए दूसरे चरण का ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण सोमवार को दिलाया गया। सभी मतदान कार्मिकों को निर्भीक होकर मतदान कराने का निर्देश दिया गया है।
सीडीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि उतरौला ब्लॉक में डीडीओ शिव कुमार सिंह, पीडी वीरेंद्र कुमार व परियोजना अर्थशास्त्री बीके श्रीवास्तव की टीम ने ब्लॉक सभागार में 168 पोलिंग पार्टियों व 25 रिजर्व पोलिंग पार्टियों के पीठासीन, प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारियों को चुनाव से संबंधित प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान पोलिंग पार्टियों के सात व रिजर्व पोलिंग पार्टियों के पांच मतदान कार्मिकों ने प्रतिभाग नहीं किया। इसी प्रकार से गैड़ास बुजुर्ग ब्लॉक में 153 पोलिंग पार्टियों व 22 रिजर्व पोलिंग पार्टियों को जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डीडी सिंह की टीम ने प्रशिक्षण दिया।
पोलिंग पार्टियों के 13 और रिजर्व पोलिंग पार्टियों के तीन मतदान कार्मिकों ने प्रशिक्षण में भाग नहीं लिया। रेहरा बाजार ब्लॉक के 222 पोलिंग पार्टियों व 25 रिजर्व पोलिंग पार्टियों को बीडीओ तुलसीपुर उपेंद्र प्रसाद पाल व जेई डीआरडीए चंद्रपाल सिंह ने प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान पोलिंग पार्टियों के 11 व रिजर्व पोलिंग पार्टी के चार मतदान कार्मिकों ने प्रशिक्षण नहीं लिया। बिना सूचना के प्रशिक्षण से नदारद रहने वाले मतदान कार्मिकों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश संबंधित आरओ को दिया गया है।
सीडीओ अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि काउंटिंग कराने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण मंगलवार को संबंधित स्ट्रांग रूम पर दो पालियों में कराया जाएगा। उन्होंने सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। प्रशिक्षण में बिना सूचना नदारद रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।