गोंडा। जिले में मानवता को शर्मसार करने वाला दृश्य सामने आया। शनिवार को एक विक्षिप्त महिला को बच्चा चोरी करने के शक में पकड़कर ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई की। इस मामले में पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के रेहली भाईलाल पुरवा का मामला है। एक महिला ने शनिवार को स्कूल में छुट्टी का समय पूछा तो लोगों ने बच्चा चोरी करने का शक करते हुए उसे पकड़ लिया और पेड़ में बांधकर पिटाई की। ग्रामीण महिला को तब तक पेड़ से बांधे रखा और उसे पीटते रहे जब तक वहां पुलिस नहीं पहुंची। तलाकशुदा मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को पुलिस ने लोगों के चंगुल से रिहा कराया।
महिला का नाम नूरजहां है तथा नवाबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव की रहने वाली है। बताया गया कि महिला को उसके पति ने तलाक दे दिया था और वह विक्षिप्त है। महिला के पिता की तहरीर पर रेहली गांव निवासी संतोष साहू, शिवकुमार, प्रद्युम्न, राम नरेश, झिनकू, यमुना प्रसाद, बुधराम, मालिकराम व श्याम के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सभी को गिरफ्तार किया गया है।