अरहर दाल की बढ़ती कीमतों से आम जनता को राहत दिलाने की कवायद शुरू कर दी गई है। सोमवार को कार्डधारकों को 130 रुपये किलो की दर से दाल उपलब्ध कराई गई। नमूने के तौर पर शहरी क्षेत्र की कोटे की छह दुकानों को चिन्हित कर सस्ते रेट पर दाल उपलब्ध करा दी गई है। योजना सफल होने के बाद भविष्य में जनपद की सभी कोटे की दुकानों पर सस्ती दर पर अरहर दाल की बिक्री कराई जाएगी।
जिला पूर्ति अधिकारी बीके मिश्र ने बताया कि बाजार में बेतहाशा बढ़ रहे अरहर दाल के भाव को नियंत्रित करने के लिए शासन की तरफ से कोटे की दुकानों पर दाल की बिक्री शुरू कराने का निर्देश दिया गया है।
सोमवार को डीएम प्रीति शुक्ला के निर्देश पर शहरी क्षेत्र की कोटे की छह दुकानों को अरहर की दाल बिक्री के लिए उपलब्ध करा दी गई है।
नमूने के तौर पर शहरी क्षेत्र के कार्डधारकों को अरहर दाल 130 रुपये प्रति किलो की दर से मुहैया कराई जा रही है। एक राशनकार्ड पर एक किलो दाल लोगों को दी जा रही है।
इन सभी कोटेदारों को अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों के कार्डधारकों को सस्ते रेट पर अरहर की दाल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। सस्ते रेट पर दाल बिक्री की कड़ी निगरानी की जा रही है।
हेराफेरी करने वाले कोटेदारों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। योजना सफल होने के बाद जनपद की सभी 790 कोटे की दुकानों पर अरहर दाल उपलब्ध कराकर कार्डधारकों को सस्ते रेट पर दाल की व्यवस्था कराई जाएगी।