सीएचसी गैसड़ी के मदरहवा गांव में एक सप्ताह से खसरे का प्रकोप है। गांव के 10 लोग खसरे से पीड़ित हैं। सूचना के बावजूद गांव में स्वास्थ्य टीम न पहुंचने से लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सीएमओ को पत्र भेजकर इलाज के लिए गांव में स्वास्थ्य टीम भेजवाने की मांग की है।
सोमवार को गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र के मदरहवा गांव के लोगों ने सीएमओ को भेजे गए पत्र के जरिये कहा है कि खसरे से विद्याराम की पांच वर्षीय पुत्री अनीता, धरमराज का तीन वर्षीय पुत्र रंजीत, अंगद का पांच वर्षीय बेटा राजित व राम कोमल का चार वर्षीय बेटा अंकुश समेत 10 लोग पीड़ित हैं।
गांव में करीब एक सप्ताह से खसरे की बीमारी फैली हुई है। कई बार सूचना देने के बावजूद अभी तक गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम नहीं पहुंची है।
खसरे की बीमारी गांव में तेजी से फैल रही है। इन लोगों ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए गांव में तत्काल स्वास्थ्य टीम भेजने की मांग सीएमओ से की है।
सीएचसी गैसड़ी के अधीक्षक संजीवन लाल ने बताया कि ग्रामीणों ने सूचना दी है। बीमारी पर अंकुश पाने के लिए तत्काल स्वास्थ्य टीम भेजी जा रही है।
शीघ्र ही बीमारी पर अंकुश पा लिया जाएगा। सीएमओ डॉ. जयंत कुमार ने बताया कि सीएचसी गैसड़ी के अधीक्षक को गांव में स्वास्थ्य टीम भेजने का निर्देश दिया गया है।