गोंडा। कचहरी रोड पर गायत्रीपुरम मोड़ के पास सोमवार रात बेकाबू कार ने बाइक सवार नंदू यादव (44) निवासी गायत्रीपुरम को टक्कर मार दी। हादसे में उसका बायां पैर टूट गया। इसके बाद चालक ने दो और बाइक सवारों को टक्कर मारी। फिर फल का ठेला लगाने वाले को उसने टक्कर मार दी। जिससे सभी घायल हो गए।
हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि भागते समय कार की नंबर प्लेट क्रांति उपवन के पार गिर गई थी। जिसे कब्जे में ले लिया गया है। नंबर प्लेट के आधार पर कार मालिक का पता लगाया जा रहा है।