लोग सरकारी भूमि को अपनी पुश्तैनी जमीन मानकर कब्जा कर रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक जमीन कब्जे को लेकर लोगों में होड़ मची है। प्रशासनिक अमला कब्जेदारों को हटाने में लापरवाही बरत रहा है। शनिवार की रात देवापसिया गांव में ओवरहेड टैंक के लिए प्रस्तावित सरकारी भूमि पर दबंगों ने कब्जा कर लिया, मगर तहसील प्रशासन सोता रहा। कब्जे के बारे में एसडीएम को मीडिया से जानकारी मिली तो बोले पुलिस के साथ मिलकर खाली कराएंगे।
तहसील करनैलगंज के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के देवापसिया गांव में पानी टंकी बनाने के लिए जल निगम के अधिशाषी अभियंता ने 825 मीटर भूमि उपलब्ध कराने को जून 2015 को एक पत्र डीएम को दिया था।
डीएम के निर्देश पर बीती 20 जुलाई को ग्राम पंचायत एवं एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक व लेखपाल ने पानी टंकी के निर्माण के लिए भूमि का प्रस्ताव तैयार कर भूमि का अधिग्रहण करा दिया।
उसी बीच गांव के ही दबंगों ने भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। दबंग ने अधिगृहीत भूमि पर अपने घर से रास्ता खोल दिया।
प्रस्तावित भूमि की ग्राम प्रधान बाउंड्रीवाल कराना चाहते थे, इसकी शिकायत ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व तत्कालीन उपजिलाधिकारी बीके सिंह से की थी।
डीएम ने 11 जनवरी को तत्कालीन एसडीएम करनैलगंज को तत्कालीन थानाध्यक्ष शशिकांत यादव के साथ मौके पर पहुंचकर पानी की टंकी के लिए प्रस्तावित भूमि पर अवैध कब्जा रोकने के आदेश दिए।
एसडीएम ने 13 जनवरी को पुन: कटरा बाजार पुलिस को भूमि पर अवैध कब्जा रोकने का निर्देश जारी किया। फिर भी पुलिस अवैध कब्जा नहीं रोक सकी।
शनिवार की रात दबंगों ने प्रस्तावित भूमि पर पिलर व दीवार खड़ी कर दी। सुबह होते-होते भूमि पर छप्पर भी पड़ गया। इस पर अब दबंग काबिज हैं।
तहसील करनैलगंज के कटरा बाजार के देवापसिया गांव के ग्राम प्रधान विनोद कुमार ने बताया कि पहले 11 जनवरी और बाद में 13 जनवरी को उन्होंने डीएम व एसडीएम से कब्जे की शिकायत की थी।
मगर अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया। जिसका नतीजा रहा कि रविवार की रात दबंगों ने पानी की टंकी के लिए प्रस्तावित भूमि पर पिलर व दीवार खड़ी करके छप्पर डालकर कब्जा कर लिया।
थानाध्यक्ष कटरा बाजार राहुल सिंह यादव ने कहा कि तहसील करनैलगंज के कटरा बाजार के देवापसिया गांव में पानी टंकी के लिए प्रस्तावित भूमि पर कब्जे को रेवेन्यू टीम के साथ खाली कराया जाएगा। रेवेन्यू टीम के बिना पुलिस मौके पर नहीं जाएगी।
एसडीएम अनिल कुमार मिश्र ने कहा कि तहसील करनैलगंज के कटरा बाजार के देवापसिया गांव में पानी टंकी के लिए प्रस्तावित भूमि पर उन्हें कब्जे की जानकारी नहीं थी।
मीडिया से कब्जे की जानकारी मिली है। मौके पर नायब तहसीलदार को पुलिस बल के साथ सोमवार को भेजकर भूमि से कब्जा खाली कराया जाएगा।