तीन दिन पहले नवाबगंज के परसापुर में संचालित इम्पल्स इंटरनेशनल स्कूल के आठवीं के छात्र की पिटाई के आरोपी तीन शिक्षकों को स्कूल प्रबंधन ने रविवार को विद्यालय से निष्कासित कर दिया है। पिटाई के मामले में छात्र का पिता आरोपी शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को अड़ा था। स्कूल प्रबंधन ने एफआईआर से बचने के लिए आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के मुट्ठीगंज मोहल्ले के रहने वाले रमेश चौहान का बेटा आकाश चौहान परसापुर में स्थित इम्पल्स इंटरनेशनल स्कूल में आठवीं का छात्र है। वह 11 फरवरी को स्कूल गया था।
आकाश के पिता का आरोप है कि वहां स्कूल के तीन शिक्षकों ने उसके बेटे पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए बेवजह उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे आकाश बेहोश हो गया। पिटाई के बाद से वह डिप्रेशन में है।
रमेश ने स्कूल के प्रबंधक से तीनों शिक्षकों की शिकायत की, मगर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। रमेश ने 13 फरवरी को थाना नवाबगंज में तीन शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दी तो एफआईआर से बचने के लिए स्कूल के प्रबंधक ने रमेश की शर्तों को मानकर आपस में सुलह-समझौता कर लिया।
स्कूल के प्रबंधक राजीव तिवारी ने बताया कि समझौते के तहत उन्होंने आरोपी शिक्षक अमर कौशल, अरुण गुप्ता व शुचि को छात्र की पिटाई के आरोप में निष्कासित कर दिया है।
उधर, थानाध्यक्ष नवाबगंज बृजेंद्र सिंह ने बताया कि स्कूल के प्रबंधक राजीव तिवारी व छात्र आकाश के पिता रमेश चौहान ने आपसी समझौता कर एफआईआर दर्ज कराने से इन्कार कर दिया। प्रबंधक ने आरोपी शिक्षकों के खिलाफ अपने स्तर से कार्रवाई की है।