गोंडा। देवीपाटन मंडल में भीषण गर्मी के बीच निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर विद्युत उपकेंद्रों की कड़ी परीक्षा हो रही है। आलम यह है कि कटरा समेत विभिन्न विद्युत उपकेंद्र से एक फीडर बंद करके दूसरे फीडर के उपभोक्ताओं को आपूर्ति दी जा रही है। समस्या से निजात के लिए पावर कॉर्पोरेशन ने सात और विद्युत उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि के लिए स्वीकृति दी है। आठ उपकेंद्रों की क्षमता वृद्धि की पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है।
देवीपाटन जोन के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती जिले में 114 विद्युत उपकेंद्रों से 14 लाख से अधिक उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति की जा रही है। 16 उपकेंद्रों पर क्षमता से अधिक उपभोक्ताओं का भार है। भीषण गर्मी के बीच पंखा, एसी, कूलर के साथ ही खाना बनाने में भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल से विद्युत खपत तेजी से बढ़ी है।
मुख्य अभियंता यदुनाथ यथार्थ ने बताया कि पूर्व में सिविल लाइंस बहराइच, उतरौला, तरबगंज, रिसिया, नेवादा मोड़, सहावा, परसपुर और कटरा बाजार विद्युत उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की स्वीकृति मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कराई गई है। साथ ही नामित कार्यदायी संस्था को जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। अब आर्यनगर, मटेरा, पयागपुर, बेलसर, विशेश्वरगंज, हरिहरगंज और महराजगंज विद्युत उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि की स्वीकृति मिली है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पूरेशिवा बख्तावर विद्युत उपकेंद्र की क्षमता वृद्धि के लिए भी आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।