बालपुर। सरयू नहर खंड प्रथम पर पतिसा गांव के पास बने पुल पर रेलिंग न होने से हुए हादसे के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर एक सप्ताह में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
24 अप्रैल की रात उमरीबेगमगंज के धमरैया शुक्लन पुरवा निवासी महेश शुक्ल बाइक सहित पुल से सूखी नहर में गिर गए थे। इससे उनकी मौत हो गई थी। हादसे की वजह पुल पर रेलिंग न होना बताई गई। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि उक्त पुल के साथ-साथ अन्य ऐसे पुलों की भी जांच कराई जाए, जहां रेलिंग नहीं है। साथ ही यह स्पष्ट करने को कहा गया है कि पुल का निर्माण कब हुआ और उसकी रेलिंग कब व किन कारणों से क्षतिग्रस्त हुई। मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए सात दिन के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, दूसरी तरफ पांच दिन बाद भी पुल पर रेलिंग का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। (संवाद)