मनकापुर क्षेत्र में सरयू नहर में अचानक पानी आ जाने से शनिवार को मनकापुर क्षेत्र के ऐलनपुर गांव में भारी तबाही आ गई। आसपास के कई गांवों में भी पानी भर गया और सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई। सरयू नहर खंड चार के अधिशाषी अभियंता एसपी शुक्ल ने बताया कि उनकी टीम मनकापुर क्षेत्र में पानी के रोकथाम में लगी हुई है और नहर की पटरी को बंधवा दिया गया है।
बहराइच से मोतीगंज मनकापुर होते हुए मसकनवा तक जाने वाली सरयू नहर खंड चार की नहर के जगह-जगह कटे होने के कारण नहर में अचानक पानी आ जाने से गुरुवार से मोतीगंज से लेकर मनकापुर क्षेत्र के कई गांवों व खेतों में पानी भर गया।
शनिवार को ऐलनपुर ग्रंट गांव में वन विभाग चौकी के पास लगभग पंद्रह मीटर नहर की पटरी बह गई, जिससे ऐलनपुर ग्रंट, दुर्गापुर बंदरही, दूबेपुरवा, महापुरवा, कहारन पुरवा, बादी यादव पुरवा, संत नगर चौराहा आदि गांवों में पानी भर गया और सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई।
प्रभावित गांव के किसान आफत यादव, रिंकू दूबे, खुशी राम यादव, सीताराम दास, बाबी यादव, तीरथ यादव आदि ने बताया कि सिंचाई विभाग की लापरवाही के कारण किसानों की फसल बर्बाद हुई है, जिसका मुआवजा मिलना चाहिए।
पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए शनिवार शाम को नहर का पानी रोकवाने के संबंध में जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय से बात की।
इसकी भनक लगते ही रविवार को सिंचाई विभाग के अफसर व कर्मचारी हरकत में आ गए और तत्काल सिंचाई विभाग सरयू नहर खंड चार के अधिशाषी अभियंता एसपी शुक्ल ने टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। टीम ने रविवार शाम तक नहर की पटरी को बांध कर सही कर दिया।