धानेपुर थाना क्षेत्र के मेहनौन गांव के समीप से निकलने वाली सरयू नहर रविवार सुबह करीब तीन बजे पानी का दबाव न झेल पाने के कारण कट गई। रात में अचानक हुई इस कटान से मेहनौन गंाव के करीब 100 घरों में पानी घुस गया।
इसके साथ ही गेंहू, सरसों, मटर, चना, मसूर व सब्जी की करीब एक हजार बीघा खेती तबाह हो गई। नहर के पानी गांव में घुसने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची धानेपुर पुलिस ने ग्रामीणों के साथ अथक प्रयास करके कटान को बांधकर पानी के बहाव को रोका।
सरयू नहर खंड दो के अंतर्गत आने वाली इस सरयू नहर की हाल ही में विभाग ने सफाई का काम शुरू कराया था लेकिन विभागीय अफसरों की मिलीभगत से सफाई कराने वाले ठेकेदार ने इसे अधूरा ही छोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार की शाम तक सूखी पड़ी हुई थी और इसमें बूंद भर भी पानी नही था।
लेकिन रविवार की भोर में करीब तीन बजे इस नहर में पानी छोड़ दिया गया। सफाई के अभाव में यह नहर पानी के दबाव को नही झेल सकी और मेहनौन गांव के समीप नहर की करीब 20 मीटर पटरी कट गई।
इस कटान के बाद पानी तेजी से आसपास के खेतों में फैलने लगा जिससे मेहनौन, अनंदपुर, पूरे पंडित वृंदावन, सिंहवापुर व हाड़ापुरवा गांव के किसानों की करीब एक हजार बीघा फसल तबाह हो गई। इसके अलावा मेहनौन गांव में भी नहर का पानी घुस गया और सैकड़ों लोगों के घर व प्राथमिक विद्यालय में भी पानी भर गया।
नहर कटने की सूचना मिलने पर धानेपुर थानाध्यक्ष रमाशंकर यादव भोर में ही मेहनौन पहुंचे और ग्रामीणों को साथ लेकर बांस की बल्लियों,चौकी व बालू की बोरियां भरकर कटान पर काबू किया और पानी के बहाव को रोका।
जग्पांडेय, संतोष, मुजीबुल, रामसमुझ, गंगाराम,पिंटू, शोभाराम, बागीशदत्त, नान्हू वर्मा, संगम साहू, चंद्रशेखर, रामपियारे, घनश्याम, राधेश्याम, सन्ने व राजकुमार ने बताया कि इस पानी से आसपास के गांवों के करीब 3 सौ किसान प्रभावित हुए हैं। इन किसानों की गेंहू, चना, मसूर, मटर, अरहर, सरसों व सब्जी की फसल तबाह हो गई है।