मंडेनाला पुल से होकर जाने वाली बिजली का हाईटेंशन केबल शुक्रवार की शाम अचानक फुंक जाने से गोंडा शहर में रहने वाली तीन लाख आबादी की बत्ती अनिश्चितकालीन समय के लिए गुल हो गई। कर्मियों की टीम फुंके केबल को बदलने के प्रयास में जुटी है, इसके बावजूद समाचार भेजे जाने तक बिजली की लाइन चालू नहीं हो सकी।
अवर अभियंता सिविल लाइन अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली का फाल्ट मंडेनाला पुल के नीचे से जाने वाली अंडरग्राउंड 33 केवी एचटी लाइन के केबल में आया है, जिसे ठीक कराने के लिए उनकी टीम लगी है।
गोंडा-लखनऊ मेन रोड पर पड़ने वाले मंडेनाला पुल से होकर पावर कॉर्पोरेशन की 33 केवी एचटी लाइन का केबल गया है। इसी केबल से झंझरी, आवास विकास और सिविल लाइन के साथ ही बड़गांव बिजलीघर को आपूर्ति होती है।
शुक्रवार की शाम साढ़े 5 बजे अचानक मंडेनाला पुल से होकर जाने वाला अंडरग्राउंड केबल तेज धमाके के साथ दग गया, जिससे पूरे शहर की बिजली आपूर्ति एकदम से ठप पड़ गई।
सिविल लाइन बिजलीघर के अवर अभियंता अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मंडेनाला पुल के नीचे से होकर जाने वाली 33 केवी एचटी लाइन का केबल तेज धमाके के साथ दगा है, जिसे ठीक करने के लिए उनकी टीम लगी है।
लेकिन देर शाम समाचार भेजे जाने तक दगी हुई केबल को बदलकर दूसरी केबल न लगाए जाने से पूरे शहर में अंधेरा छाया रहा। बिजली गुल होने से शहर की तीन लाख आबादी अंधेरे में है।
वहीं पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों की मानें तो दगे केबल को बदलकर दूसरा केबल लगाए जाने में कम से कम चार से पांच घंटे का समय लग सकता है।