गोंडा में बहराइच रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट पहुंचे युवक की बाइक में पेट्रोल भरता कर
गोंडा। नो हेलमेट नो फ्यूल अभियान का असर दो पहिया वाहन चालकोंं पर दिखाई नहीं पड़ रहा है। चौथे दिन बृहस्पतिवार को बिना हेलमेट दो पहिया वाहन चालक पंपों पर पेट्रोल भरवाते नजर आए। ज्यादा बिक्री के चक्कर में नाजिलमैन नियमों को दरकिनार करते दिखे। परिवहन अधिकारियों ने 27 दो पहिया वाहनों को नो हेलमेट नो फ्यूल में चालान किया है।
स्थान बहराइच रोड: दोपहर 2:00 बजे
शहर के बहराइच रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कई दो पहिया वाहन चालक पेट्रोल लेने पहुंचे, लेकिन किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। नाजिलमैन भी बिना हेलमेट बाइक सवारों को पेट्रोल दे रहे थे। एक बाइक सवार ने नाजिलमैन से अभियान के बारे में चर्चा भी की, चौकाने वाला तो ये रहा कि उन्होंने भी हेलमेट नहीं पहन रखी थी, और पेट्रोल भरवाने के बाद चले गए।
स्थान सरकुलर रोड-दोपहर 2:30 बजे
शहर के सरकुलर रोड स्थित एक पेट्रोलपंप पर दो पहिया वाहन चालकों की भीड़ रही। यहां एक भी दोपहिया वाहन चालक हेलमेट में नजर नहीं आए। नाजिलमैन भी नियमों का उल्लंघन कर बिना हेलमेट वालों के वाहनों में पेट्रोल भरते नजर आए। पूछने पर कहा कि गोंडा है भैय्या किसे किसे समझाएंगे। चालान होगा तो जेब ढीली करनी पड़ेगी, खुद ही समझा में आ जाएगा।
नो हेलमेट नो फ्यूल में 27 चालान
यात्रीकर अधिकारी मो. आरिफ खान ने बताया कि अयोध्या व मनकापुर मार्ग के पांच पेट्रोलपंपों पर पहुंचकर जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाते मिले 27 दो पहिया वाहनों का चालान किया गया। किसी भी पंप पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता संबंधी होर्डिंग व बैनर नहीं मिले। पंप संचालकों को जल्द से जल्द लगवाने के निर्देश दिए गए हैं।