पसका सूकरखेत का ऐतिहासिक मेला मुख्य स्नान पर्व 24 जनवरी पौष पूर्णिमा को पड़ रहा परंतु 23 जनवरी की शाम को डीएम अजय कुमार उपाध्याय उसका उद्घाटन करेंगे। देवीपाटन मंडल सहित आसपास क्षेत्रों से इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। गुरुवार को पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था देखी।
स्वास्थ्य विभाग ने भी मेला परिसर में रोटेशन के अनुसार एम्बुलेंस के साथ डॉक्टरों की टीम लगाने तथा ब्लीचिंग पाउडर भेजने का दावा किया है।
विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता राधेश्याम भाष्कर की टीम ने मेला क्षेत्र का भ्रमण कर प्रकाश व्यवस्था के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिये।
सब स्टेशन परसपुर के प्रभारी जेई मुहम्मद आरिफ ने बताया कि त्रिमुहानी घाट पर 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है। सुरक्षा की दृष्टिकोण से एलटी तार हटा करा एबीसी केबिल लगायी जा रही है जिसके लिए सामान निर्गत हो गया है।
सीएचसी अधीक्षक परसपुर डॉ एचसी द्विवेदी ने बताया कि पसका मेला में रोटेशन के अनुसार डॉक्टरों की तैनाती कर दी गयी है। तीन डॉक्टर, फार्मासिस्ट, वार्ड ब्वाय तथा एएनएम की ड्यूटी लगाई गयी है।
वे आठ-आठ घंटे की ड्यूटी करेंगे। एम्बुलेंस व पर्याप्त मात्रा में दवाएं भी उपलब्ध कराई गयी हैं। मेला क्षेत्र के अस्पताल में तीन बेड भी लगाए जाएंगे। आपात स्थिति में सीएचसी परसपुर में भी अतिरिक्त पांच बेड का इंतजाम किया गया है।
मेला क्षेत्र भक्ति भाव से परिपूर्ण है। जगह-जगह साधु संत धार्मिक चर्चा कर रहे हैं। भीषण ठण्ड के बावजूद लोग सुबह ही सरयू में स्नान कर अपने आराध्य देव की पूजा अर्चना कर रहे हैं। मोह माया से दूर लोग भगवान की भक्ति व कल्पवास में लीन देखे जा सकते हैं।