सड़क हादसे में व्यवसायी की मौत
करनैलगंज (गोंडा)। पिकप गाड़ी से लखनऊ जा रहे सब्जी व्यापारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। मामला नगर करनैलगंज के मोहल्ला बमपुलुस से जुड़ा है। यहां के निवासी सब्जी व्यवसायी वसीम (35) मंगलवार की रात्रि करीब 10 बजे सब्जी लाने के लिये अपनी पिकप गाड़ी से लखनऊ जा रहे थे। बताया जाता है कि वह पिकप में पीछे सोए हुये थे। सफेदाबाद के पास पिकप एक वाहन से टकरा गई, जिसके झटके से वसीम का सिर पिकप की बॉडी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर परिवार के लोग मौके पर गये हुये हैं।
भुगतान जमा फिर भी उपभोक्ता को बना दिया बकाएदार
करनैलगंज (गोंडा)। भुगतान करने के बावजूद बिजली विभाग ग्राहकों को बकायेदार बनाये बैठा है। स्थानीय विकास खंड अंतर्गत ग्राम बबुरास के मजरा गोनई गोसांई पुरवा निवासी जय प्रकाश ने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया है। जिसमें कहा गया है कि वर्ष 2013 में उसने बिजली का कनेक्शन लिया था। तब से आज तक वह लगातार बिजली का बिल देता चला आ रहा है। बीते 26 जुलाई को उसने बिल का भुगतान किया है। उसके बाद भी बिजली विभाग द्वारा 21455 रुपया बकाया दर्शाते हुए बिजली का बिल भेजा गया है। पीड़ित ने पूरे प्रकरण की जांच करवाकर कार्रवाई करने की मांग की है। एसडीएम ज्ञानचंद गुप्त ने बताया कि सम्बन्धित विभाग के अधिकारी को मामला सौंपा जा चुका है। बिजली विभाग के एसडीओ सुरेंद्र वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है, देखना पड़ेगा।