आरोपी आकाश अग्रवाल। स्रोत: सोशल मीडिया
- फोटो : स्रोत भाजपा कार्यालय
गोंडा। जमीन के नाम पर 78 लाख रुपये की ठगी के मामले में आरोपी जालसाज व व्यापारी आकाश अग्रवाल को नगर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी जिले के एक जनप्रतिनिधि का करीबी बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया।
नगर कोतवाल संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि मोतीगंज के गोविंद पारा निवासी अरविंद मिश्र ने मुकदमा दर्ज कराया था। कहा था कि आकाश अग्रवाल ने अपनी जमीन बेचने के लिए उनसे सौदा किया था। 48 लाख रुपये नकद व 20 लाख रुपये चेक और 10 लाख रुपये आरीटीजीएस के माध्यम से खाते में जमा करा लिए थे।
इसके बाद विक्रय विलेख पेपर भी तैयार कराकर हस्ताक्षर करने के बाद रजिस्ट्री ऑफिस में बयान नहीं किया। पीड़ित का कहना है कि नकद रुपये घर में रखने के बाद रजिस्ट्री ऑफिस चलने के झांसा दिया। मगर रकम हड़पने की नीयत से काफी समय बीतने पर भी बैनामा नहीं किया।
सोमवार को उपनिरीक्षक विपुल कुमार पांडेय की अगुवाई वाली टीम ने दयानंद नगर में रहने वाले आरोपी आकाश अग्रवाल को लखनऊ कचहरी मार्ग से गिरफ्तार किया है। आकाश की शहर में फुटवियर की दुकान है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि जेल भेजने के बाद छानबीन की जा रही है।