फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: बसें गईं प्रयागराज, अन्य रूटों के यात्री भटक रहे

Tue, 25 Feb 2025 11:26 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
गोंडा के बस स्टेशन पर प्रयागराज जाने के लिए बस में सवार होते यात्री। -संवाद 
विज्ञापन
गोंडा। महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर गोंडा डिपो की अधिकांश बसें प्रयागराज रूट पर संचालित कर दी गई हैं। ऐसे में लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, बहराइच, बलरामपुर, उतरौला आदि अन्य रूटों पर बसों का संचालन प्रभावित हो गया है। यात्रियों को बस स्टेशन पर घंटों तक सवारी वाहन का इंतजार करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

गोंडा डिपो की कुल 109 बसों में से 55 बसें प्रयागराज रूट पर लगा दी गई हैं। वहीं, महाशिवरात्रि पर बाराबंकी में रूट डायवर्जन किया गया है। इसके चलते बसें समय से गोंडा आ नहीं पा रही हैं। मेला प्रभारी अरुण भानु तिवारी का कहना है कि इस समय बस अड्डे पर महाकुंभ जाने वाले यात्रियों की भीड़ अधिक है। इस वजह से ज्यादातर बसों को प्रयागराज रूट पर ही भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर बाराबंकी के महादेवा में कांवड़ियों के उमड़ने के चलते रूट डायवर्जन होने से भी बसों के संचालन पर असर पड़ा है। लखनऊ से आने वाली बसों को महमूदाबाद, बहराइच होकर गोंडा पहुंचने में दो-तीन घंटे अतिरिक्त समय लग रहा है। जो भी बसें अन्य रूटों से आ रही हैं, उनसे यात्रियों को भेजा जा रहा है।
लखनऊ के लिए कब मिलेगी बस
मंगलवार को रोडवेज बस स्टेशन पर लखनऊ जाने के लिए राजेश खड़े थे। उन्होंने बताया कि एक घंटा हो गया मगर कोई बस नहीं मिल सकी। उतरौला जाने के लिए आईं जैनब ने बताया कि वह भी बहुत देर से इंतजार कर रही हैं, लेकिन बस नहीं मिल रही है। रोडवेज के कर्मचारी जल्द ही बस आने की बात कह रहे हैं।मनवर-संगम एक्सप्रेस से रवाना हुए श्रद्धालु
विज्ञापन

मनकापुर (गोंडा)। मनकापुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को यात्रियों की भीड़ रही। महाशिवरात्रि पर महाकुंभ में स्नान के लिए लोगों में उत्साह दिखा। बुजुर्ग करुणा देवी ने कहा, वह सुबह ही आ गई थीं। ट्रेन आने पर वह प्रयागराज जाएंगी। बताया कि कई बार महाकुंभ में स्नान कर चुकी हैं। इस बार भी जा रही हैं। इसी तरह पतिराज ने बताया कि वह पहली बार महाकुंभ जा रहे हैं। श्रीनाथ ने कहा, ट्रेन का सफर बेहतर है। पहले वह रोडवेज बस से प्रयागराज जाने वाले थे, लेकिन, जाम की सूचना मिलने पर उन्होंने ट्रेन से जाने का फैसला किया। अब ट्रेन से ही जाएंगे।
अयोध्या मार्ग पर वाहनों के आवागमन पर रोक
नवाबगंज (गोंडा)। महाकुंभ में स्नान के बाद रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालु अयोध्या आ रहे हैं। बुधवार को महाशिवरात्रि को लेकर अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। अयोध्या में भीड़ प्रबंधन के लिए गोंडा की सीमा पर प्रशासन अलर्ट हो गया है। पुराने सरयू पुल से वाहनों के अयोध्या आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। पार्किंग स्थल से श्रद्धालुओं को पैदल अयोध्या भेजा जा रहा है। महाशिवरात्रि पर अयोध्या में नागेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु उमड़ रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात है। कटरा शिवदयालगंज तिराहे से अयोध्या की तरफ जाने वाले सभी वाहनों पर रोक लगाई गई है। सिर्फ श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग स्थल पर जाने दिया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें