गोंडा के स्वामी नारायण मंदिर छपिया से बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते विधायक प्रभात वर्मा। -सं
गोंडा। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने मंगलवार को स्वामीनरायन मंदिर छपिया से लखनऊ के लिए बस सेवा शुरू कर दी। क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा ने बस को हरी झंडी दिखाकर लखनऊ के कैसबाग के लिए रवाना किया।
छपिया मंदिर से बस को रवाना करते हुए क्षेत्रीय विधायक प्रभात वर्मा ने कहा कि जल्द ही यहां से अन्य स्थानों के लिए रोडवेज बसों का संचालन कराया जाएगा। मसकनवा कस्बे में बस स्टेशन का निर्माण कराने का भी प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। छपिया से लखनऊ के लिए बस सेवा शुरू होने से गोंडा के छपिया, बभनजोत, मनकापुर व सीमावर्ती जिले बस्ती के परसरामपुर ब्लाॅक की दस लाख आबादी को सहूलियत मिलेगी। इस दौरान छपिया मंदिर के महंत स्वामी देवप्रकाश, कोठारी विष्णु स्वामी, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक अपराजित श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (वित्त) जयपाल सिंह, अतुल कुमार मिश्र, कमलेश पांडेय, धर्मेंद्र मणि त्रिपाठी, जीतेंद्र नाथ पांडेय, राजन सिंह, सुरेंद्र प्रताप त्रिपाठी, राकेश पांडेय, विक्रम आदि मौजूद रहे।
छपिया मंदिर से सुबह 07.30 बजे रवाना होने वाली बस 8.00 बजे मसकनवां, 9.20 बजे गोंडा व 01.30 बजे कैसरबाग पहुंचेगी। जबकि बस वापसी में ये बस कैसरबाग बस अड्डे से अपराह्न 02.00 बजे चलकर रात शाम 06.00 बजे गोंडा पहुंचेगी। यहां से रात 07.30 बजे छूटने के बाद रात 09.00 बजे मसकनवा व 09.30 बजे छपिया मंदिर पहुंचेगी। छपिया से कैसरबाग की 175 किलोमीटर दूरी का यात्रियों को 242 रुपये किराया देना होगा।