गोंडा। कहा गया है जहां चाह है वहीं राह है। उक्त वाक्य को चरितार्थ कर दिखाया चौकी प्रभारी मंगुरा बाजार ने। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार उपाध्याय रहने की जगह न होने से पोस्टिंग लेने से कतरा रहे थे। पोस्टिंग के बाद से उन्होंने जन सहयोग मांगा और विधिवत एक सुंदर पुलिस चौकी का निर्माण करवा दिया।
थाना उमरी बेगमगंज के मंगुरा पुलिस चौकी की स्थापना करीब चार दशक पहले तत्कालीन कांग्रेस विधायक स्व उमेश्वर प्रताप सिंह ने करवाया था। उस समय पुलिस कर्मियों को रहने के लिए बाजार के राम जानकी मंदिर में जगह दिलवाई गई थी। कुछ समय के बाद आपसी विवाद के कारण चौकी पर रहने वाले आरक्षी व अन्य स्टाफ को वहां से हटा दिया गया।
जनसहयोग से धर्मशाला में रहने की जगह दी गई। ग्रामीणों के सहयोग से चंदा एकत्र किया गया। दो कमरे का निर्माण किया गया। उसी में पुलिस कर्मियों को रहने की व्यवस्था की गई। लेकिन शौचालय की व्यवस्था न होने से परेशानी हो रही थी। बीते नवंबर में यहां पर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार उपाध्याय बनाए गए।
जानकारी होने पर काफी परेशान हुए, क्योंकि दिलीप कुमार उमरी बेगमगंज थाने में रह चुके थे और मंगुरा चौकी की स्थिति जानते थे। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों की एक मीटिंग बुलाई। कहा मैं यहां का चौकी प्रभारी हूं। आप लोगों का सहयोग चाहिए। सहयोग के नाम पर लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया।
कमरे का फर्श, किचन, शौचालय, प्लास्टर, वायरिंग, गेट, बाउंड्री वॉल, पेंटिंग सभी कार्य पूरे करा दिए। बताया कि अभी कार्यालय का निर्माण कराया जाना है। जिसकी पूरी तैयारी कर ली गई है। चौकी प्रभारी ने बताया अपने साथ साथ अन्य कर्मियों को व्यायाम कराया जाता है। क्षेत्राधिकारी महावीर सिंह ने बताया कि जन सहयोग से चौकी प्रभारी ने उत्तम काम किया है।