गोेंडा। फर्नीचर आपूर्ति को लेकर घूस मांगने के मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद बीएसए अतुल कुमार तिवारी आठ नवंबर तक अवकाश पर चले गए हैं। आरोपी जिला समन्वयक प्रेम शंकर मिश्र भी आठ नवंबर तक अवकाश हैं। एक अन्य आरोपी जिला समन्वयक विद्या भूषण मिश्र बृहस्पतिवार को कार्यालय नहीं आए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर में मंगलवार को हरियाणा के गुरुग्राम स्थित नीमन सीटिंग सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एमडी व मोतीगंज के किनकी निवासी मनोज पांडेय ने मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था फर्नीचर सप्लाई के नाम पर बीएसए अतुल कुमार तिवारी, जिला समन्वयक (जेम) प्रेमशंकर मिश्र और जिला समन्वयक (सिविल) विद्याभूषण मिश्र ने करीब 2.25 करोड़ की रिश्वत मांगी। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज हो सका था।
अब मामले की जांच सीओ सिटी आनंद कुमार राय कर रहे हैं। सीओ ने बताया कि विवेचना की जा रही है। कई अन्य बिंदुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। बीएसए का कहना है कि आरोप निराधार है। वह संबंधित फर्म को ब्लैक लिस्ट करने के साथ ही अन्य कार्रवाई कर चुके हैं। ऐसे में पेशबंदी में आरोप लगाए जा रहे हैं।