गोंडा। पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने बृहस्पतिवार को नंदिनी नगर महाविद्यालय में आयोजित सत्यमेव जयते सम्मान समारोह के जरिये अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। देवीपाटन मंडल के चारों जिलों के अलावा अयोध्या से पहुंचे हजारों समर्थकों की मौजूदगी हुए इस आयोजन को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे जैसे ही बृजभूषण शरण सिंह का काफिला नंदिनी नगर महाविद्यालय पहुंचा, पूरा परिसर शेर आया... शेर आया... के नारों से गूंज उठा। सैकड़ों वाहनों का काफिला... समर्थकों की भारी भीड़ और जगह-जगह स्वागत ने आयोजन को चुनावी रैली जैसा माहौल दे दिया। मातृभूमि ग्रुप की ओर से अजय सिंह, दीपेंद्र विक्रम, अरविंद सिंह, पुनीत सिंह, कुलदीप सिंह, ऋषभ सिंह, शक्ति सिंह और गोपाल सिंह चौसेला ने उनका सम्मान किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में सांसद प्रतिनिधि संजीव सिंह, सोनू सिंह, जेडी सिंह, नवाबगंज ब्लॉक प्रमुख सुमित भूषण सिंह, सुनील सिंह और महेंद्र सिंह समेत कई नेताओं की सक्रिय भूमिका रही।
कुश्ती संघ में वापसी से किया इन्कार
पत्रकारों से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने भारतीय कुश्ती संघ में दोबारा लौटने की संभावना को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि अब उनकी उस पद पर वापस जाने की कोई इच्छा नहीं है। आगामी चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा और पार्टी जो भी फैसला करेगी, वह उसे स्वीकार करेंगे। इस बयान से उन्होंने संभावनाओं के सभी दरवाजे खुले रखे।
सियासी चर्चा ने पकड़ी रफ्तार
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अदालत से राहत मिलने के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक शक्ति प्रदर्शन था। हाल के वर्षों में राष्ट्र कथा, मेधावी छात्र सम्मान समारोह और अन्य सामाजिक आयोजनों के माध्यम से भी वह लगातार अपने समर्थकों को संगठित करते रहे हैं। बृहस्पतिवार की भीड़ ने यह संदेश देने की कोशिश की कि देवीपाटन व अयोध्या मंडल की राजनीति में उनका प्रभाव अभी भी कायम है। हालांकि भाजपा की चुनावी रणनीति और टिकट वितरण का फैसला पार्टी नेतृत्व के हाथ में है, लेकिन नंदिनी नगर का यह आयोजन आने वाले राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाओं को जरूर तेज कर गया।