नवाबगंज (गोंडा)। नंदिनी नगर महाविद्यालय के स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही चार दिवसीय अंतर विश्वविद्यालय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का समापन शनिवार को समारोह पूर्वक किया गया। मुख्य अतिथि अयोध्या के नगर आयुक्त विशाल सिंह ने विजयी खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया। अवध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की मेजबानी में किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब मेजबान टीम अवध विश्वविद्यालय के नाम रहा। अवध विश्वविद्यालय ने किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में 37 अंक लेकर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, 31 अंकों के साथ वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय दूसरे स्थान पर रहा। रोहतक यूनिवर्सिटी की टीम ने 21 अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में देश के 41 विश्वविद्यालयों के करीब 400 छात्रों ने हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि नगर आयुक्त ने खिलाड़ियों को मेडल देकर सम्मानित किया।
कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने कहा कि खेलों से युवाओं में नेतृत्व की क्षमता बढ़ती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को किसी न किसी खेल से जुड़े रहने का आह्वान किया। इस मौके पर क्रीड़ा सचिव डॉ. आशीष प्रताप सिंह, उप आयोजन सचिव डॉ. अय्यूब सिद्दीकी, पूर्व सचिव डॉ. प्रवीण कुमार सिंह, डॉ. संतोष कुमार गौड़, डॉ. आमोद कुमार सिंह, डॉ. पूनम जोशी, डॉ. त्रिलोकी यादव, डॉ. अनुराग पांडेय, डॉ. सुधीर यादव, अनुपम श्रीवास्तव मौजूद रहे।