फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: रामनगरी से जुड़ी सीमा-सील, छावनी बना उत्तरी छोर

Sun, 21 Jan 2024 12:00 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर शनिवार शाम से अयोध्या से जुड़ी सीमा सील कर दी गई। खुफिया तंत्रों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले का उत्तरी छोर छावनी में तब्दील कर दिया गया।
विज्ञापन

एक तरफ नवाबगंज समेत जिलेभर की पुलिस व आरएएफ के जवानों ने खोजी कुत्ते के साथ ही ड्रोन कैमरे से निगरानी की। वहीं रूटमार्च कर सीमावर्ती गांवों में खुफिया विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया। सीमा पर नाकेबंदी जैसा नजारा रहा। जांच पड़ताल के बाद आकस्मिक सेवाओं को छोड़ा गया।
वहीं रूट डायवर्जन के चलते गोरखपुर व लखनऊ से आने वाले भारी वाहनों के चलते जिले की यातायात व्यवस्था पर भारी दबाव रहा। गोरखपुर व लखनऊ से वाहनों को घूमकर जाना पड़ रहा है।
विज्ञापन

नवाबगंज समेत कई होटल व ढाबे में जांच पड़ताल के बाद लोगों को ठहरने की इजाजत दी गई है। कार्यक्रम को लेकर नगर, कस्बे व ग्रामीण इलाकों में काफी उल्लास है। भजन-कीर्तन के साथ ही भंडारे के आयोजन की तैयारी है।

नवाबगंज पुलिस व आरएफ के जवानों ने ड्रोन कैमरे से संदिग्धों पर नजर बनाए रखने के दावे किए हैं। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
वहीं गोंडा-अयोध्या सीमा व सरयू नदी के सीमावर्ती गांवों महेशपुर, दुर्गागंज माझा व कटरा भोगचंद में कांबिंग कर लोगों से बातचीत की है। सीमावर्ती इलाके में खुफिया विभाग पूरी तरह से सक्रिय है।
इसके अलावा शुक्रवार देररात चौकी से थाने स्तर पर पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की।
नवाबगंज, वजीरगंज, करनैलगंज के अलावा बहराइच, बलरामपुर और गोरखपुर के साथ ही लखनऊ से आने वाले संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने के दावे किए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि लगभग हर चौकी क्षेत्रों में बैरीकेडिंग कर संदिग्धों की जांच कराई जा रही है।
शनिवार को एक बार फिर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय की अगुवाई में पुलिस ने आरएएफ जवानों के साथ गोंडा-अयोध्या सीमा पर कांबिंग की।
इस दौरान महेशपुर, दुर्गागंज माझा व कटरा भोगचंद में कांबिंग के संग व ड्रोन कैमरों से निगरानी की। संदिग्धों से पूछताछ की गई है। गांवों में पुलिस व खुफिया विभाग पैनी नजर रख रहा है। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने आमजनों से बातचीत की। किसी भी नए व्यक्तियों के आवागमन व किरायेदारों का सत्यापन कराने के लिए पूरी कोशिशें की जा रही हैं।
की जा रही विशेष निगरानी
एसपी विनीत जायसवाल के निर्देश पर खुद एएसपी राधेश्याम राय नवाबगंज क्षेत्र में डटे हुए हैं। संदिग्धों की चेकिंग के साथ ही रूट डायवर्जन के जरिए यातायात व्यवस्थाएं दुरूस्त करा रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड चौराहा, कस्बे में रात्रि गश्त बढ़ाई गई है। स्टेशन, बस स्टैंड चौराहा, कस्बा, होटल व आस-पास संदिग्धों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
अयोध्या की ओर नहीं, जरवल होकर जा सकेंगे वाहन
अयोध्या में प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते गोरखपुर-लखनऊ मार्ग पर रूट डायवर्जन किया गया है। गोरखपुर से आने वाले वाहन करनैलगंज होकर सीधे जरवल, बदोसराय व सफदरगंज होकर लखनऊ जा सकेंगे। इसके अलावा बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती व गोंडा से अयोध्या होकर लखनऊ वाले वाहनों को जरवल होकर लखनऊ पहुंचना होगा। प्रधानमंत्री के दौरे व प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के चलते रूट में बदलाव किया गया। वहीं अयोध्या जाने पर पूरी तरह से भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है।
आरएसएस-विहिप कार्यकर्ताओं को मिला खातिरदारी का जिम्मा
प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों की खातिरदारी के लिए आरएसएस व विहिप के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आरएसएस के जिला कार्यवाह अश्विनी शुक्ल ने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्र सह संपर्क प्रमुख मनोज की देखरेख में प्रत्येक अतिथियों के ठहरने व भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके लिए आरएसएस व विहिप के कार्यकर्ताओं को लगाया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें