परसपुर/माधोपुर। खैरा गांव के नौशहरा निवासी विवाहिता राधा मिश्रा (30) का शव बुधवार को कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर प्रताड़ता का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
कटरा बाजार के जयरामजोत डीहा निवासी मृतका के भाई नीरज मिश्रा ने बताया कि राधा की शादी 12 वर्ष पहले राजेश मिश्रा के साथ हुई थी। बुधवार सुबह जेठ ने फोन पर बहन की मौत की सूचना दी। परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा तो राधा का शव घर के बाहर टिन शेड के नीचे रखा था। उसके गले पर निशान मिले हैं। आरोप है कि पति, जेठ व सास उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे, इससे तंग आकर उसने फंदे से लटककर जान दे दी।
सीओ करनैलगंज आनंद राय ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाल लिया था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मामले की जांच कराई जा रही है।