करनैलगंज। कचनापुर के पास रविवार सुबह सरयू नदी में एक 24 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला। नदी किनारे गए ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को जानकारी दी। एसआई दयानंद यादव ने शव को बाहर निकलवाया। काफी प्रयास के बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शव करीब तीन दिन पुराना लग रहा है। ग्रामीणों ने हत्या कर शव को नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। शव की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों की मदद ली जा रही है। आसपास के थानों से भी संपर्क कर गुमशुदगी के मामलों का मिलान किया जा रहा है।