गोंडा। यूपी बोर्ड परीक्षा की तारीखें घोषित होने के बाद विद्यालयों में पाठ्यक्रम पूरा कराने की चुनौती बढ़ गई है। कई विषयों में अभी 60 से 70 फीसदी ही कोर्स पूरा हुआ है। शिक्षकों ने नवंबर-दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराकर रिवीजन, लिखित अभ्यास और मॉडल पेपर हल कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा पांच से 24 फरवरी तक कराने का कार्यक्रम जारी किया है। पसका स्थित तुलसी स्मारक इंटर कॉलेज की हाईस्कूल छात्रा गीतिका सिंह ने बताया कि गणित और अंग्रेजी का करीब 60 से 65 फीसदी पाठ्यक्रम पूरा हुआ है। शिवांश सिंह ने अपनी तैयारी अच्छी बताई। इंटरमीडिएट की वैष्णवी सोनी के अनुसार, भौतिक विज्ञान और अंग्रेजी का करीब 70 फीसदी कोर्स पूरा हो चुका है। गीता ने गणित का 70 और रसायन विज्ञान का 65 फीसदी पाठ्यक्रम पूरा होने की जानकारी दी।
भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता बृजेश शुक्ल ने बताया कि 15 दिसंबर तक पाठ्यक्रम पूरा कराने का लक्ष्य है। इसके बाद पूरा पाठ्यक्रम दोहराया जाएगा। अंग्रेजी के प्रवक्ता आनंद प्रताप सिंह के अनुसार, नवंबर के अंत तक कोर्स पूरा करने की योजना है। हाईस्कूल के सामाजिक विज्ञान के शिक्षक संजय सिंह पंत ने बताया कि इतिहास और भूगोल के अध्याय पूरे हो चुके हैं। नागरिक शास्त्र व अर्थशास्त्र की पढ़ाई जारी है। नवंबर के अंत तक रिवीजन शुरू कराने की तैयारी है। राजकीय इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त शिक्षाविद राजवर्धन श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई, लिखित अभ्यास व महत्वपूर्ण तथ्यों के फ्लो चार्ट बनाने की सलाह दी।
अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर पूरा कराएं पाठ्यक्रम
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने विद्यालय प्रबंधन को अतिरिक्त कक्षाएं चलाकर पाठ्यक्रम जल्द पूरा कराने और कमजोर विद्यार्थियों की तैयारी पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।