गैसड़ी बाजार में नवाज शरीफ का पुतला फूंकते हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता।
- फोटो : अमर उजाला
गैसड़ी (बलरामपुर)। कुलभूषण जाधव के समर्थन में पाकिस्तान के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने गैसड़ी बाजार में जुलूूस निकालकर पाकिस्तान तथा वहां के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद लोगों ने नवाज शरीफ का पुतला जलाकर विरोध जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर कुलभूषण जाधव की रिहाई सुनिश्चित कराने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए हिंदू युवा वाहिनी के डॉ. हृदय रोशन सिंह, प्रिंस वर्मा, आकाश कसौंधन आदि ने कहा कि पाकिस्तान की सैन्य अदालत ने कुलभूषण जाधव को फर्जी तरीके से फंसाकर फांसी की सजा सुनाई है। सैन्य अदालत ने न्यायालय के मापदंडों का पालन नहीं किया है तथा साक्ष्यों का परीक्षण किए बिना ही निर्दोष कुलभूषण जाधव को फांसी की सजा सुनाकर पाकिस्तान ने ये साबित कर दिया है कि उसे मानवाधिकार की कोई परवाह नहीं है।
इन लोगों ने पाकिस्तान व नवाज शरीफ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद नवाज शरीफ का पुतला फूंका। हिंदू युवा वाहिनी के लोगों ने कुलभूषण की रिहाई के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी गैसड़ी वीके श्रीवास्तव को सौंपा। इस अवसर पर लालजी जायसवाल, बृजेश गुप्ता, पवन कुमार, राहत अली, शाहिद खां सहित हिंदू युवा वाहिनी के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।