गोंडा। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में भीषण गर्मी और उमस के बीच रक्तदाताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लड बैंक में लगा एयर कंडीशनर कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे रक्तदान करने आने वाले लोगों को गर्म वातावरण में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। रक्तदान के दौरान भी लोग हाथ से पंखा झलने को मजबूर हैं।
बुधवार को आयोजित रक्तदान शिविर में पहुंचे कई रक्तदाताओं ने व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई। बजरंग दल के पूर्व प्रांत संयोजक राकेश वर्मा उर्फ गुड्डू ने कहा कि रक्तदान एक सामाजिक और मानवीय कार्य है, लेकिन इसके बावजूद रक्तदाताओं को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के कारण रक्तदान के दौरान असहजता होती है। एक तरफ खून निकलता है तो दूसरी तरफ पसीना बहता रहता है। उन्होंने ब्लड बैंक का एयर कंडीशनर तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की।
रक्तदाता आनंद वर्मा ने कहा कि ब्लड बैंक में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उनका कहना था कि यदि रक्तदाताओं को पर्याप्त सुविधा नहीं मिलेगी तो इसका असर स्वैच्छिक रक्तदान पर भी पड़ सकता है।
उधर, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल तिवारी ने बताया कि एयर कंडीशनर खराब होने की जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन और प्रधानाचार्य को दे दी गई है। इसे जल्द ठीक कराने की प्रक्रिया चल रही है।
समाजसेवी रामप्रसाद की पुण्यतिथि पर 21 ने किया रक्तदान
गोंडा। वरिष्ठ समाजसेवी रामप्रसाद वर्मा की छठी पुण्यतिथि पर बुधवार को मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह ने दीप जलाकर किया। आयोजक राकेश वर्मा गुड्डू ने रक्तदाताओं और अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार जताया। शिविर में कुल 21 लोगों ने रक्तदान किया। इस अवसर पर अजीत पांडेय, रामजी, अमन गुप्ता, देवेंद्र सिंह, सत्यव्रत आर्य, विजय वर्मा, सुशील बाबा, दीपक कुमार, आशीष मोदनवाल, सुजीत कौशल, सुकांत सिंह, ओंकार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।