उतरौला कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात दो स्थानों पर लगी आग में दो बर्तन व्यवसायी तथा एक किराना व्यवसायी बर्बाद हो गए। आग लगने से तीनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया। लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष ने सरकार से पीड़ित दुकानदारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
उतरौला नगर के मोहल्ला पटेलनगर में राजेश गुप्त की कन्फेक्शनरी की दुकान में सोमवार रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने राजेश को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे राजेश तथा आसपास के लोगों ने जब तक आग बुझाई, तब दुकान में रखा सारा लाखों रुपये का सामान जल गया। क्षेत्रीय कानूनगो वेदव्रत मिश्रा तथा लेखपाल राजकिशोर तिवारी ने क्षति का आकलन किया है।
वहीं, सोमवार रात ही इसी कोतवाली क्षेत्र के महुवा बाजार में करीब 11 बजे हनुुमान की बर्तन की दुकान में अज्ञात कारणों से आग लग गई। जब तक लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते, तब तक आग ने पड़ोसी किराना दुकानदार विश्राम की दुकान को भी आगोश में ले लिया। दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हल्का लेखपाल रमेश कुमार ने मामले की रिपोर्ट उतरौला तहसीलदार को सौंपी है।