गोंडा। भारतीय जनता पार्टी ने देर से ही सही मगर जिले की तीनों नगर पालिका परिषदों का टिकट तय कर कार्यकर्ताओं को साधने का दांव चला है। पार्टी के बड़े नेताओं के दबाव को दरकिनार करते हुए संकट के समय साथ देने वाले सिपहसालारों पर भरोसा जताया है। गोंडा नगर पालिका से पूर्व विधायक तुलसीदास रायचंदानी की बहू लक्ष्मी रायचंदानी को प्रत्याशी बनाकर पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा दिया है।
86 साल के पूर्व विधायक तुलसीदास रायचंदानी जनसंघ के समय से पार्टी से जुड़े हैं। न तो कभी दल बदला और न ही अभी तक सक्रियता कम की। पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए आज भी वह चल देते हैं। उनकी बहू लक्ष्मी का टिकट तय होने से भले ही कई जिम्मेदार पदाधिकारियों और पार्टी के बड़े नेताओं को झटका लगा हो मगर आम कार्यकर्ताओं का भरोसा बढ़ा है। करनैलगंज में पूर्व चेयरमैन रामजीलाल मोदनवाल को टिकट देकर भी लंबे समय से पार्टी में बने रहने का उन्हें इनाम दिया है।
नवाबगंज में बड़ी रस्साकसी के बावजूद कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी निवर्तमान चेयरमैन सत्येंद्र सिंह को एक बार फिर टिकट नहीं मिल सका। साल 2017 में टिकट न मिलने पर वह बगावत कर निर्दल लड़े और जीते भी। यह अलग बात है कि जीतने के बाद उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। इसके बावजूद भाजपा ने उन पर फिर भरोसा नहीं जताया। पार्टी के पुराने कार्यकर्ता जनार्दन सिंह को नवाबगंज नगर पालिका परिषद से टिकट देकर हर गुट को साधने का प्रयास किया है। हालांकि, सत्येंद्र सिंह निर्दल ही मैदान में डटे हैं।
नगर पंचायत तरबगंज से भाजपा ने कमलेश पांडेय को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। नगर पंचायत में शामिल ग्राम पंचायत रामापुर से उनकी पत्नी नीरज देवी तथा सेमरा जमालखानी से उनकी बहू स्नेहलता पांडेय प्रधान थीं। विधायक प्रेमनारायण पांडेय के करीबी कमलेेश भाजपा के शक्ति केंद्र संयोजक हैं।
कटरा बाजार नगर पंचायत से भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अर्जुन प्रसाद तिवारी को टिकट दिया गया है। वह वर्ष 1985 से भाजपा संगठन के विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं।
खरगूपुर नगर पंचायत से पूर्व चेयरमैन राजीव रस्तोगी की पत्नी ममता रस्तोगी को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है। भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता राजीव पिछली बार मामूली अंतर से चुनाव हार गए थे।
मनकापुर नगर पंचायत से पुराने भाजपा कैडर दुर्गेश सोनी को मौका मिला है। वह नगर पंचायत के रफीनगर वार्ड से 27 साल से सभासद हैं। उनकी पत्नी कीर्ति सोनी सुभाषनगर वार्ड से सभासद हैं। परसपुर नगर पंचायत से भाजपा ने वासुदेव सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वर्ष 2017 में उनकी पत्नी विमला सिंह भाजपा के टिकट से चेयरमैन चुनी गईं थीं। पार्टी के कार्यक्रमों में वासुदेव को अहम जिम्मेदारी दी जाती है।
बेलसर नगर पंचायत से भाजपा ने विद्या देवी को प्रत्याशी बनाया है। वह भाजपा महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष जागृति सिंह व रज्जन बाबा की करीबी हैं। नगर पंचायत में शामिल होने से पहले ग्राम पंचायत बेलसर की प्रधान जागृति सिंह ही रहीं हैं।
धानेपुर नगर पंचायत से भाजपा ने जिला कार्यसमिति सदस्य भारत भूषण उर्फ मंशाराम वर्मा की अनुज वधु उमा देवी को प्रत्याशी बनाया है।