बाबागंज (गोंडा)। बगुलही के पास रविवार की देर शाम एक चौपहिया वाहन ने सामने से आ रहे बाइक सवारों को रौंद डाला। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को सीएचसी मुजेहना लाया गया। जहां से दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरईपारा के मजरा छोटकी धनोहरी गांव के रहने वाले अजय (17) व अमरेश वर्मा (20) रविवार की सुबह बाइक से मुख्यालय गए थे। दोनों देर शाम बाइक से वापस घर लौट रहे थे। वह दोनों धानेपुर थाना क्षेत्र के गोंडा उतरौला मुख्य मार्ग पर बगुलही के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे एक चौपहिया वाहन ने दोनों को रौंद डाला। जिससे अमरेश वर्मा मरणासन्न हो गया, जबकि अजय भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
दोनों को सीएचसी लाया गया। जहां से गंभीर हालत में दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने अमरेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय की हालत नाजुक बनी हुई है। थानाध्यक्ष रतन पांडेय ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।