इटियाथोक। करुवापारा गांव के पास रविवार रात बाइक सवार दो युवक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया। जहां एक युवक की मौत हो गई। दूसरे को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के राधेपुरवा निवासी द्वारिका (35) रविवार शाम गांव के ही अपने साथी संतोष (32) के साथ बाइक से इटियाथोक के एक गांव में भागवत कथा सुनने गए थे। रात 09.30 बजे लौटते समय करुवापारा के गन्ना तौल केंद्र के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए। आसपास के लोगों ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया। सीएचसी अधीक्षक डाॅ. सुनील कुमार ने बताया कि द्वारिका की मौत हो चुकी थी। संतोष को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
द्वारिका के परिवार में पिता रामसेवक, पत्नी रेखा, बेटा शिवांश (7) व बेटी जानवी (5) हैं। रामसेवक ने बताया कि द्वारिका दोपहिया वाहनों के मैकेनिक थे। आईटीआई रोड पर उनकी दुकान है। कोतवाल कमलाकांत त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।