झंझरी। बहराइच-हुजूरपुर मार्ग पर सेमरा चौराहे के पास मंगलवार देर शाम वनरोज से टकराकर बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बस्ती जिले के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कटरा बाजार थाना के पालीपुरवा बरांव गांव निवासी सीताराम ने बताया कि उनके चाचा नंदकिशोर शुक्ल (38) अपने साथी पिपरी रावत गांव निवासी माधवराज के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बाइक नंदकिशोर चला रहे थे। दोनों गड़रियनपुरवा निवासी रवि जायसवाल के यहां निर्माण कार्य में मजदूरी करते थे। मंगलवार देर शाम काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से निकले थे।
सेमरा चौराहे के पास अचानक सड़क पर वनरोज आ गया। जिससे बाइक टकराकर सड़क पर गिर गई और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगाया था। लोगों की मदद से दोनों को सीएचसी करनैलगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने नंदकिशोर को मृत घोषित कर दिया। माधवराज की हालत गंभीर होने पर बस्ती के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतक तीन भाइयों रामकुमार और छोटू में सबसे छोटे थे। वह मजदूरी करके परिवार का गुजारा करते थे। वह अविवाहित थे। सीओ आनंद राय ने बताया कि हादसे की सूचना मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से संपर्क करके अन्य कार्रवाई की जाएगी।