गोंडा। जिले में जयनगरा स्थित एक निजी विद्यालय परिसर में मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस दौरान उत्तर प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान की ओर से आयोजित होने वाले विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता के लिए पांच छात्रों का चयन किया गया। इस दौरान शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कॉलेज उदित मिश्र ने प्रथम स्थान हासिल किया है।
देवीपाटन मंडल विज्ञान क्लब जिला समन्वयक डॉ रेखा शर्मा ने बताया कि मंडल स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता में गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के छात्रों ने नवाचार से जुड़े 60 प्रोजेक्ट शामिल किए गए।
इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि देवीपाटन मंडल कमिश्नर योगेश्वर राम मिश्र ने शहीदे आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) के छात्र उदित मिश्रा प्रथम स्थान के लिए प्रमाण पत्र, स्मृति-चिह्न व 10 हजार, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज इटियाथोक गोंडा के अभिषेक कुमार कश्यप को द्वितीय स्थान के लिए प्रमाण पत्र व सात हजार रुपये के अलावा विद्या शुक्ला को तृतीय स्थान पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
जीआईसी गैसरी बलरामपुर की सोनाली चौरसिया एवं आरएल शांति पब्लिक इंटर कॉलेज बलरामपुर की काव्या को सांत्वना पुरस्कार के तौर पर दो हजार रुपये दिया गया।
वहीं छात्र अगले महीने राज्य स्तरीय विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी परिषद की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता लखनऊ में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पांच अतिरिक्त प्रोजेक्ट का चयन किया है। इस दौरान एडीएम चंद्रशेखर, एलबीएस पीजी कॉलेज प्राचार्य प्रो. रवींद्र कुमार पांडेय व डीआईओएस राकेश कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।
निर्णायक की निभाई भूमिका
समन्वयक डॉ. रेखा शर्मा ने बताया कि कासु. साकेत पीजी कॉलेज अयोध्या के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, एमएलके पीजी कॉलेज के डॉ वसंत कुमार गुप्ता, राजकीय महाविद्यालय श्रावस्ती के कुमार रवि एवं लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज के बीसीए विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर अभय कुमार द्विवेदी ने निर्णायक की भूमिका निभाई है। इस दौरान जिला समन्वयक बहराइच डॉ एनके शुक्ला, बलरामपुर के जिला समन्वयक सर्वजीत वर्मा एवं श्रावस्ती से श्रीनिवास तिवारी समेत छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।