करनैलगंज। सरयू महाविद्यालय में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने धर्मांतरण के मामलों पर कहा कि समाज को भी सतर्क रहने की जरूरत है। पहले इन मामलों का पता ही नहीं चल पाता था, लेकिन अब धीरे-धीरे सच्चाई सामने आ रही है। बलरामपुर में भी ऐसा मामला सामने आया है। कानून तो अपना काम करेगा, लेकिन समाज को खुद भी जागरूक होना होगा।
पूर्व सांसद ने बिहार में मतदाता सूची के गहन निरीक्षण की प्रक्रिया जरूरी बताते हुए कहा कि इसको एक साथ पूरे देश में लागू करना चाहिए। मतदाता बनने का अधिकार भारत के हर नागरिक को है, लेकिन एक व्यक्ति पांच जगह से मतदाता हो, यह अधिकार नहीं है। इसी की आड़ में बड़ी संख्या में बांग्लादेशी, रोहिंग्या और यहां तक कि पाकिस्तानियों का नाम भी सामने आ रहा है, जो हमारे देश में मतदाता बने हैं। इसे हिंदू-मुसलमान के नजरिए से देखने की जरूरत नहीं है। यह काम पूरे देश में होना चाहिए और बहुत शक्ति से लागू करना चाहिए। राहुल गांधी के संविधान खतरे में है वाले बयान पर पलटवार करते हुए बृजभूषण ने कहा कि राहुल गांधी को इस मामले में नहीं बोलना चाहिए। (संवाद)