श्रमिक विरोधी नीतियों को लागू करने व पहले हुए समझौतों पर अमल न किए जाने के विरोध में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने बैंक में तालाबंदी कर हड़ताल की। हड़ताल होने से लोगों को लेनदेन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। चेक, ड्रॉफ्ट व चालान आदि की क्लीयरिंग भी नहीं हो सकी।
बैंकों में हड़ताल से करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ। हड़ताल में जिले के 25 बैंकों के करीब 125 शाखाओं के 700 कर्मचारी शामिल रहे।
बैंक कर्मचारी वेतन वृद्धि न किए जाने, नियमों के मुताबिक सुविधाएं न मिलने व श्रमिक विरोधी नीतियों को लागू किए जाने के विरोध में काफी समय से आंदोलित हैं।
इन्हीं मुद्दों को लेकर इलाहाबाद बैंक, सर्व यूपी ग्रामीण बैंक व पंजांब नेशनल बैंक समेत करीब 25 सहयोगी बैंकों के कर्मचारियों ने शुक्रवार को तालाबंदी कर हड़ताल की।
शुक्रवार को नगर के बस स्टॉप स्थित इलाहाबाद बैंक के मुख्य मंडलीय कार्यालय पर इलाहाबाद बैंक स्टॉफ एसोसियेशन के प्रदेश अध्यक्ष एमडी सिंह की अगुवाई में बैंक कर्मचारियों ने बैंक में तालाबंदी कर गेट पर धरना दिया। कर्मचारियों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और मांगों को पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान एमडी सिंह ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। आगे की रणनीति बाद में तय की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में सभी सहयोगी बैंकों में तालाबंदी से शुक्रवार को करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। इस धरना-प्रदर्शन में आरके श्रीवास्तव, श्रीपति सिंह, मनोज कुमार, रजनीकांत व सुभाष तिवारी आदि मौजूद रहे।
वहीं बस स्टाफ स्थित पंजाब नेशनल बैंक के जिला कार्यालय पर रजत श्रीवास्तव की अगुवाई में बैंक कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। यहां भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इसमें सोहरत सिंह, विनय पाण्डेय, मेवालाल शुक्ला, अमन खरे, संजय आदि मौजूद रहे।
बैंक कर्मियों ने पूरे दिन कोई कार्य नही किया। इसके अलावा स्टेट बैंक को छोड़ कर लगभग सभी बैंकों में कामकाज बंद रहा। जिले मे करीब 125 बैंक शाखाओं में तालाबंदी रही। इसमें करीब 700 कर्मचारी शामिल रहे। बैंकों में हड़ताल से लोगों को लेनदेन में काफी दिक्कतें हुईं।
जिले में शुक्रवार को इलाहाबाद बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, ओरियंटल बैंक समेत जिले के 25 बैंकों में तालाबंदी रही। बैंक के कर्मचारियों ने मांगों को पूरा न किये जाने के विरोध में कोई कार्य नहीं किया।
बैंकों में तालाबंदी से बैंक से कई ग्राहकों को वापस होकर लौटना पड़ा। इलाहाबाद बैंक के मुख्य शाखा में पैसा निकालने आए खाताधारक राधे श्याम ने बताया कि उन्हें बाजार से कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए पैसा निकालना था, लेकिन पता चला कि बैंक कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
इसी तरह चेक जमा करने आए सौरभ ने बताया कि उन्हें चेक जमा करना था नहीं तो उनका पिछड़ जाएगा। बाहर से माल मंगाना है।
इसी तरह पंजाब नेशनल बैंक के मुख्य शाखा के खाताधारक उमेश कुमार बैंक से पैसा निकालने आए थे, लेकिन बैंक में तालाबंदी देख वह मायूस होकर लौट गए।
उनका कहना था कि उनके पास एटीएम भी नहीं है। ऐसे में पैसे के लिए उनका काम नहीं हो पाएगा। ऐसे कई ग्राहक बैंकों से वापस लौटे। उन्हें लेनदेन में काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।
एबीएसए के प्रदेश उपाध्यक्ष एमडी सिंह ने कहा कि बैंक के अधिकारी व कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर काफी समय से आंदोलनरत हैं। सरकार व बैंकर्स कर्मचारियों की मांगों को नजरअंदाज करते आ रहे हैं।
इसी के विरोध में इलाहाबाद बैंक स्टॉफ एसोसिएशन व दूसरे बैंकों के सहयोगी शुक्रवार को तालाबंदी कर हड़ताल पर हैं। अपनी मांगों को लेकर संगठन आगे की रणनीत पर विचार करेगा। शुक्रवार को बैंक कर्मियों की हड़ताल से जिले में करीब 100 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। क्लीयरिंग हाउस ठप रहा।