नवाबगंज नगर पालिका में बोर्ड की बैठक में मौजूद चेयरमैन व सभासद। -स्रोत: सोशल मीडिया
नवाबगंज। दीपावली से पहले नगर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए बृहस्पतिवार को नगर पालिका सभागार में बोर्ड की बैठक हुई। इसमें जल निगम की ओर से पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खोदाई करने के बाद मरम्मत नहीं कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बोर्ड ने सड़क की मरम्मत किए बिना पाइपलाइन के लिए खोदाई करने पर रोक लगा दी।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता और अधिशासी अधिकारी सर्वेश शुक्ल के संचालन में बैठक हुई। दीपावली के मद्देनजर सफाई, प्रकाश व्यवस्था और नागरिक सुविधाएं बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चूना, ब्लीचिंग पाउडर और अन्य रसायनों की खरीद पर विचार हुआ। स्ट्रीट लाइट, केबल और खंभों की मरम्मत के साथ नए उपकरण खरीदने पर भी चर्चा की गई।
सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की सड़कों और नालियों की मरम्मत सहित विकास कार्यों के सुझाव रखे। बैठक में नगर के व्यापारी बुद्धूलाल कौशल और तुलसीराम के निधन पर शोक जताकर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान अमित श्रीवास्तव, राजेंद्र तिवारी, आशीष सिंह, मंजू तिवारी और राहुल तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।