टिकरी (गोंडा)। सावन और नागपंचमी पर अयोध्या में श्रद्धालुओंं की भीड़ बढ़ने पर मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने पुराने सरयू पुल से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। श्रद्धालुओं को पैदल ही अयोध्या में प्रवेश की अनुमति है। नए पुल के रास्ते वाहनों को बाईपास से निकाला जा रहा है। इससे गोंडा से अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही है।
सोमवार को सुबह से ही अयोध्या में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ने लगा तो प्रशासन ने सख्ती कर दी। देर रात छूट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन भीड़ के कारण रास्ता नहीं खोला गया। मंगलवार सुबह से देर शाम तक पुराने पुल से अयोध्या में दोपहिया व चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से रोक दिया गया। इससे लोग शिवदयालगंज में वाहन खड़ा करके पैदल अयोध्या पहुंचे। चौकी प्रभारी सरयूघाट संजीव सिंह ने बताया कि 30 जुलाई तक वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाई गई है।