गोंडा। देवीपाटन-बस्ती मंडल को जोड़ने वाले बलरामपुर से बांसी-इटवा-बेलहा स्टेट हाईवे को अब 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। पीडब्ल्यूडी को चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए 101.47 करोड़ रुपये के बजट की स्वीकृति मिली है। गोंडा व बहराइच में भी कृषि विपणन की सहूलियत के लिए राजस्व गांवों को पक्की सड़क से जोड़ने की स्वीकृति मिली है।
बलरामपुर-बांसी-इटवा-बेलहा मार्ग देवीपाटन व बस्ती मंडल को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण स्टेट हाईवे है। लंबे समय से इसके चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण की मांग की जा रही है। सात मीटर चौड़े इस स्टेट हाईवे को प्रदेश सरकार ने 10 मीटर चौड़ा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। हाईवे को दोनों पटरी पर डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे जहां हादसों पर रोक लगेगी। वहीं, लोगों के लिए आवागमन की राह आसान हो जाएगी और स्टेट हाईवे से कम समय से सफर किया जा सकेगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस चरण में कुल 30.825 किलोमीटर हाईवे के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए स्वीकृति दी गई है। बलरामपुर के निर्माण खंड के अधिशाषी अभियंता को जिम्मेदारी दी गई है। सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
कृषि विपणन की सुविधाओं के लिए मिली स्वीकृति
कृषि विपणन की सुविधाओं के लिए भी शासन स्तर से लोक निर्माण विभाग को स्वीकृति मिली है। इसके तहत गोंडा में माझा तरहर मजरा पश्चिम मार्ग की 1.2 किलोमीटर सड़क पक्की बनेगी। इसके लिए शासन स्तर से 1.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इसमें 96.12 लाख रुपये से सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, 6.97 लाख रुपये से पांच साल तक देखभाल की जाएगी। इसके लिए कुल 55.75 लाख रुपये जारी कर दिए गए हैं। अधिशाषी अभियंता सुरेश राम ने बताया कि जरूरी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
वहीं, बहराइच में लालजी पुरवा संपर्क मार्ग से राजस्व गांव पुरैना भवानी बक्श सिंह को एक किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 91.75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसमें 88.10 लाख रुपये सड़क निर्माण और 3.65 लाख रुपये देखभाल पर खर्च किए जाएंगे। इसके लिए भी शासन स्तर से 51.10 लाख रुपये जारी किए गए हैं। जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द काम शुरू किया जाएगा।
जल्द शुरू होगा काम
बलरामपुर-बांसी-इटवा-बेलहा स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण से देवीपाटन व बस्ती मंडल के जिलों की राह आसान होगी। स्वीकृति मिल गई है। जल्द चौड़ीकरण का काम शुरू होगा। इसके लिए सभी अधिशाषी अभियंता को जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश गए हैं। निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
-योगेंद्र सिंह, अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी