धानेपुर के कमरडीह में लोगों को जानकारी देती बिजली विभाग की टीम। - संवाद
धानेपुर/गोंडा। बिजली बिल बकायेदारों को राहत देने के लिए लागू की गई ओटीएस (वन टाइम सेटलमेंट) योजना में पाॅवर कॉर्पोरेशन का सर्वर बाधक बन रहा है। विभाग की टीमें जहां उपभोक्ताओं के घर-घर पहुंचकर योजना का लाभ दिलाने में जुटी हैं, वहीं सर्वर स्लो होने से पूरी प्रक्रिया पर असर पड़ रहा है।
शनिवार को धानेपुर विद्युत सब डिवीजन की टीम ने अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार की अगुवाई में करमडीह और पहड़वा में घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिल, छूट आदि की जानकारी दी। मगर उन्हें एक-एक बिल के लिए सर्वर का इंतजार करना पड़ा। अवर अभियंता ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि सर्वर की समस्या के चलते एक बिल चेक करने में 10 मिनट से 20 मिनट से अधिक वक्त लग रहा है। सर्वर के चलते काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इससे काम में तेजी नहीं आ पा रही है।
योजना के तहत कनेक्शन लेने के बाद कभी बिल न जमा करने वाले और मार्च 2025 के पहले बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को लाभ दिया जा रहा है। उपभोक्ता छूट के साथ बिजली बिल जमा कर रहे हैं। पंजीकरण भी कराया जा रहा है। सभी उपभोक्ताओं का बिजली बिल जमा करने व लाभ देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि सर्वर की समस्या के कारण उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। इस दौरान चंद्र प्रकाश, साजिद, बजरंगी सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
2018 के बाद नहीं जमा किया बिजली बिल
पाॅवर कॉर्पोरेशन की टीम दोपहर एक बजे करमडीह में पिंकी के घर बिजली विभाग की टीम पहुंची। इस दौरान पता चला कि वर्ष 2018 से बिजली बिल नहीं जमा किया और न ही उन्हें किसी ने बिल उपलब्ध कराया। ऐसे में 56 हजार रुपये बिजली बिल बकाया हो गया। पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने दो हजार रुपये जमा करके पंजीकरण किया। इसके बाद छूट के साथ ही 24 हजार रुपये करके योजना का लाभ लेने की बात कही है। इसी तरह वंश राज मौर्य ने अपने बकाये बिल पर छूट की जानकारी चाही तो उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका।
जोन में 140 स्थानों पर लगे कैंप
जोन के चारों जिलों में 140 स्थानों पर कैंप लगाए गए हैं। 2348 उपभोक्ताओं ने छूट के साथ बिजली बिल जमा करने के लिए पंजीकरण कराया। कुल 1.21 करोड़ रुपये राजस्व जमा हुआ है। सर्वर आदि की समस्याएं दूर करने के लिए जरूरी कवायद की जा रही है। रविवार को भी कैंप लगाया जाएगा।
- यदुनाथ यथार्थ, मुख्य अभियंता, देवीपाटन जोन