रेल मंत्री सुरेश प्रभु के नए रेल बजट में तराई क्षेत्र के तीन जनपदों को 80 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का तोहफा मिला है। बहराइच से चलकर यह नई रेल लाइन श्रावस्ती वाया तुलसीपुर होते हुए बलरामपुर तक आएगी। 80 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के लिए 1600 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इस जानकारी की पुष्टि पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव व लखनऊ रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी आलोक श्रीवास्तव ने की है।
श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र ने बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, डुमरियागंज होते हुए खलीलाबाद तक नई रेल लाइन की पुरजोर पैरवी रेलवे मंत्रालय से की थी। बीते 22 नवंबर को आए केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु के समक्ष भी स्थानीय लोगों ने यह मुद्दा जोर-शोर से उठाया था।
रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने इस रेल लाइन के निर्माण का आश्वासन भी दिया था। इस नई रेल लाइन से प्रसिद्ध बौद्घ स्थली श्रावस्ती व देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर को जोड़ने की मांग भी की जा रही थी।
इस वर्ष के रेल बजट में लोगों को इस नई रेल लाइन के निर्माण की मंजूरी मिलने की काफी उम्मीद थी। गुरुवार को संसद में पेश किए गए बजट में बहराइच से बलरामपुर तक 80 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने की घोषणा कर दी गई है।
बहराइच से चलकर यह रेल लाइन श्रावस्ती-तुलसीपुर होते हुए बलरामपुर तक बिछाई जाएगी। इस लाइन के निर्माण में 1600 करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी संजय यादव व लखनऊ रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी आलोक श्रीवास्तव ने इस नई रेल लाइन के निर्माण की रेल बजट में मंजूरी मिलने की पुष्टि की है।
श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र ने भी गुरुवार को बताया कि बहराइच-बलरामपुर वाया श्रावस्ती-तुलसीपुर तक नई रेल लाइन निर्माण की मंजूरी रेल बजट में दिए जाने की सूचना मिली है।