तीन मार्च को होने वाले विधान परिषद सदस्य चुनाव को निष्पक्ष कराने के लिए मुख्य विकास अधिकारी जयंत कुमार दीक्षित की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में गुरुवार को चुनाव ड्यूटी में नियुक्त आरओ, एआरओ व पीठासीन अधिकारियों को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया।
सीडीओ ने प्रशिक्षण से अनुपस्थित सात अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है, जिनमें पीठासीन अधिकारी क्रमश. राघवेंद्र सिंह एआर कोऑपरेटिव, गौतम सिंह पशुधन अधिकारी बनगाई, आनंद प्रकाश सिंह सहायक अभियंता नलकूप, मंडी के रामनरेश सोनकर, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार राव तथा आईटीआई से नियुक्त माइक्रो आब्जर्बर हरिश्चंद्र मौर्य व रामनेरश शामिल हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अनुपस्थित सभी अधिकारियों से तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं। प्रशिक्षण में उपनिदेशक कृषि ने सभी रिटर्निंग अफसरों, असिस्टेंट रिटर्निंग अफसरों, पीठासीन अधिकारियों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया की बारीकियां समझाईं।
सीडीओ ने बताया कि मतदान के दौरान मतदाताओं को सहायक लेने के लिए 28 फरवरी तक आवेदन का समय दिया गया है। जो भी मतदाता सहायतार्थ सहायक लेने के इच्छुक है, वे अपर जिलाधिकारी कार्यालय में आवेदन देकर सहायक की मांग हर हाल में कर लें।
सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव के दौरान पूरी निष्पक्षता बरतने व चुनाव में व्यवधान उत्पन्न करने की संभावना वाले व्यक्तियों को अभी से चिन्हित कर आवश्यक कदम उठाएं। प्रत्याशियों को प्रचार वाहन की अनुमति के बगैर प्रचार न करने दिया जाए।