उत्तर प्रदेश माध्यमिक विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता अंतर्गत मंडल स्तर बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन मंगलवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम के बहुउद्देशीय हाल में हुआ। बैडमिंटन प्रतियोगिता के सीनियर व जूनियर वर्ग में गोंडा की टीम को हराकर बलरामपुर की टीम विजेता बनी।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में अन्य किसी भी जनपद की टीम के न आने के कारण बलरामपुर को विजेता घोषित किया गया। मंडल स्तरीय बैंडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले चार खिलाड़ियों का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए देवीपाटन मंडल की टीम में किया गया है। टेबल टेनिस में भी जिले के सर्वश्रेष्ठ चार खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चुना गया है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने दीप प्रज्ज्वलित करके मंडल स्तरीय बैडमिंटन व टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। बैडमिंटन प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग में बलरामपुर की टीम गोंडा की टीम को 3-1 से हराकर विजेता बनी।
वहीं जूनियर बालक वर्ग में एकतरफा मुकाबले में बलरामपुर की टीम गोंडा से 3-0 के अंतर से जीती। टेबल टेनिस प्रतियोगिता में बलरामपुर के अलावा अन्य किसी भी जनपद की टीम खेलने नहीं आई जिसके कारण बलरामपुर को विजेता घोषित किया गया।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने बताया कि बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले बलरामपुर के वैभव अग्रवाल व अंबरीश मिश्रा तथा गोंडा के अभिषेक सिंह व सौरभ सिंह का चयन प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए देवीपाटन मंडल सीनियर वर्ग की टीम में किया गया है।
देवीपाटन मंडल जूनियर वर्ग की टीम में बलरामपुर के कुमार गौरव व अल्तमस आबदीन तथा गोंडा के संजय कुमार व शिवा का चयन किया गया है। प्रदेश स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए बलरामपुर के वैद्यनाथ अवस्थी, विपिन मिश्रा, अमित पांडेय व आकाश कुमार श्रीवास्तव का चयन देवीपाटन मंडल की टीम में किया गया है।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता 8 से 10 सितंबर के बीच मिर्जापुर में की जाएगी। मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के आयोजन में खेल शिक्षक राकेश प्रताप सिंह, रामजीत राम, महोदव प्रसाद तिवारी, मोहम्मद सुहेल, उमेश चंद्र तिवारी व कुमारी रशिम सिंह आदि का विशेष योगदान रहा।